Friday, January 21, 2011

हिमाचल के अनपढ़ कर्मी करेंगे पढ़ाई


केंद्र की साक्षर भारत मिशन-2012 को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल सरकार अपने अनपढ़ कर्मचारियों को कलम थमाने जा रही है। इससे अनपढ़ मजदूर और दूसरे छोटे कर्मचारी न सिर्फ हस्ताक्षर कर पाएंगे बल्कि अपनी पगार का हिसाब भी रख सकेंगे। योजना के तहत, काम करने के बाद श्रमिक एक घंटे पढ़ाई करेंगे। पढ़ाने वाला भी उनके बीच से ही चुना जाएगा। मुहिम की शुरुआत लोक निर्माण विभाग करेगा। बाद में दूसरे विभागों में भी मुहिम का हिस्सा बनेंगे। लोक निर्माण विभाग के 60 फीसदी बेलदार व मजदूर या तो अशिक्षित हैं या बहुत कम पढ़े-लिखे। 25 से 30 प्रतिशत तो अपना नाम तक लिखना नहीं जानते। 20 फीसदी मजदूरों का वेतन लेने उनके परिजन कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इनको पढ़ाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी सड़क किनारे क्लास लगाते नजर आएंगे। पढ़ाई के लिए दोपहर के भोजन का समय कम किया जाएगा। सभी कर्मचारी 4 बजे के बाद एक घंटे के लिए कक्षा में बैठेंगे। कर्मचारियों में से सबसे ज्यादा पढ़ा व्यक्ति शिक्षक की भूमिका निभाएगा। विभाग का कहना है कि मजदूरों की छंटनी के बाद सूची कनिष्ठ अभियंता और अधिशाषी अभियंता को सौंप दी गई है। जल्द ही इस साक्षर अभियान पर काम शुरू कर दिया जाएगा।


No comments:

Post a Comment