Friday, October 5, 2012

चोटी के शिक्षा संस्थानों में एक भी भारतीय नहीं




लंदन, एएफपी: शैक्षिक उत्कृष्टता के मामले में भारत का कोई भी विश्वविद्यालय दुनिया के शीर्ष 200 संस्थानों में अपना स्थान नहीं बना पाया है। टाइम्स हायर एजुकेशन व‌र्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग की 2012-13 की सूची में अमेरिका और ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों ने अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। सूची के मुताबिक एशिया के विश्वविद्यालयों ने इस दिशा में प्रगति की है। टाइम्स ने शोध, शिक्षण और अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य के आधार पर दुनियाभर के 700 विश्वविद्यालयों में से शीर्ष 200 को चुना है। सूची में अमेरिका के द कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी ने दो स्थान की बढ़त हासिल करते हुए अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी इस सूची में तीसरे स्थान पर रही। अमेरिका के कुल 76 विश्वविद्यालयों ने इस सूची में जगह बनाई है। वहीं ब्रिटेन अपने शैक्षिक संस्थानों के साथ दूसरे स्थान पर है। ब्रिटेन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी एक पायदान खिसक कर सातवें नंबर पर और इंपीरियल कॉलेज लंदन आठवें स्थान पर है। फ्रांस भी अपने सात विश्वविद्यालयों के साथ इस सूची में अपनी जगह बनाए हुए हैं। एशियाई देशों चीन, सिंगापुर, ताईवान और विशेषतौर पर दक्षिण कोरिया के विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। ऑर्गनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक कोऑपरेशन एंड डेवलेपमेंट (ओईसीडी) के वरिष्ठ अधिकारी ड्रिक वान डेम ने कहा, 21वीं सदी में शैक्षिक उत्कृष्टता का केंद्र धीरे-धीरे खिसक कर पूर्व की ओर आ रहा है। हालांकि अब भी सर्वश्रेष्ठ शिक्षा संस्थान अमेरिका और ब्रिटेन में हैं, पर 200 विश्वविद्यालयों की सूची में इन देशों को काफी नुकसान हुआ है। एशियाई देशों के विश्वविद्यालय इस में तेजी से अपना स्थान बने रहे हैं।

Dainik Jagran National Edition 5-10-2012  शिक्षा Pej -7

No comments:

Post a Comment